ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड: पति विपिन पर मर्डर, बेवफाई और शोषण के गंभीर आरोप, मिस्ट्री गर्ल ने बढ़ाई जांच की जटिलता

KNEWS DESK- कासना थाना क्षेत्र में हुए निक्की हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। 28 वर्षीय निक्की को जिंदा जलाकर मार डालने के मामले में उसके पति विपिन भाटी और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता के परिजन दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है, और अब इस केस में एक ‘मिस्ट्री गर्ल’ की एंट्री ने जांच को और उलझा दिया है।

निक्की की निर्मम हत्या बीते दिनों उसके ही घर में कर दी गई। उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। परिजनों का आरोप है कि यह एक पूर्व नियोजित हत्या है, जिसमें उसके पति विपिन के साथ-साथ ससुराल के अन्य सदस्य भी शामिल हैं।

निक्की के परिजन और गांववालों ने बताया कि विपिन का कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध था। निक्की की बहन कंचन ने बताया कि विपिन अक्सर रात-रातभर घर से बाहर रहता था और डिस्को और पार्टी में समय बिताता था जब निक्की उससे सवाल करती, तो वह मारपीट करता था। विपिन ने घर खर्च देना बंद कर दिया था और निक्की के पार्लर की कमाई से पैसे चुराने लगा था।

मामले में नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हुआ जिसमें कुछ लोग विपिन की कार में बैठी एक लड़की के सामने पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो पिछले साल का बताया जा रहा है। निक्की के चाचा राजकुमार के अनुसार, इस वीडियो में दिख रही लड़की वही है जिसके साथ निक्की ने विपिन को रंगे हाथों पकड़ा था। उस समय हुए झगड़े के बाद समाज में बदनामी से बचने के लिए विपिन ने माफी मांग ली थी और मामला शांत हो गया था।

निक्की और कंचन ने मिलकर एक ब्यूटी पार्लर खोला था, जिसमें परिजनों ने करीब 8 लाख रुपये का निवेश किया था। विपिन और उसका भाई कोई काम नहीं करते थे। दोनों बहनें अपने बच्चों और परिवार का खर्च खुद चला रही थीं।

निक्की के पिता और परिवार वालों ने कड़े आरोप लगाते हुए कहा कि यह हत्या एक लंबे समय से चल रहे मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण का परिणाम है। उनका कहना है कि “विपिन और उसके परिवार ने पहले निक्की की आत्मा को मारा, अब उसकी देह को जला दिया। इन्हें सिर्फ फांसी ही सजा है।”