डिजिटल डेस्क- बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा अंतिम रूप से तय कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच करीब आधे घंटे की महत्वपूर्ण बैठक के बाद विभागों की पूरी सूची राज्यपाल को सौंप दी गई। इस बार के बंटवारे में कई वर्षों बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सबसे अहम यह कि नीतीश कुमार ने पहली बार गृह विभाग अपने पास रखने के बजाय सम्राट चौधरी को सौंप दिया है।
सम्राट चौधरी को गृह विभाग की बड़ी जिम्मेदारी
नई कैबिनेट में गृह मंत्रालय सम्राट चौधरी के पास रहेगा, जबकि दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व तथा खान एवं भूतत्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वित्त, वाणिज्य एवं ऊर्जा का महत्वपूर्ण प्रभार विजेंद्र यादव को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य प्रशासन सहित अन्य प्रमुख विभाग अपने पास रखे हैं।
अनुभव, जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान
विभागों के बंटवारे में इस बार वरिष्ठता, अनुभव, जातीय संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी गई है। कई पुराने मंत्रियों को उनकी पूर्व जिम्मेदारी ही सौंपी गई है, जबकि कुछ चेहरों को नए अहम विभाग मिले हैं। अब विभाग तय होने के बाद जल्द ही नई कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई जाएगी।
बिहार मंत्रिमंडल: कौन-किसे मिला कौन सा मंत्रालय
| क्रमांक | मंत्री | विभाग |
|---|---|---|
| 1 | सम्राट चौधरी (डिप्टी सीएम) | गृह मंत्री |
| 2 | विजय कुमार सिन्हा (डिप्टी सीएम) | भूमि एवं राजस्व, खान एवं भूतत्व |
| 3 | विजय कुमार चौधरी | जल संसाधन, भवन निर्माण |
| 4 | दिलीप जायसवाल | उद्योग |
| 5 | श्रवण कुमार | ग्रामीण विकास, परिवहन |
| 6 | अशोक चौधरी | ग्रामीण कार्य |
| 7 | विजेंद्र यादव | वित्त, वाणिज्य, ऊर्जा |
| 8 | मंगल पांडेय | स्वास्थ्य, विधि |
| 9 | लेशी सिंह | खाद्य एवं उपभोक्ता |
| 10 | नितिन नवीन | पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास |
| 11 | मदन सहनी | समाज कल्याण |
| 12 | संतोष सुमन | लघु जल संसाधन |
| 13 | सुनील कुमार | शिक्षा |
| 14 | रामकृपाल यादव | कृषि |
| 15 | जमा खान | अल्पसंख्यक कल्याण |
| 16 | संजय टाइगर | श्रम संसाधन |
| 17 | अरुण शंकर प्रसाद | पर्यटन, कला एवं संस्कृति |
| 18 | रमा निषाद | पिछड़ा व अति पिछड़ा कल्याण |
| 19 | सुरेन्द्र मेहता | पशु एवं मत्स्य |
| 20 | नारायण प्रसाद | आपदा प्रबंधन |
| 21 | लखेन्द्र पासवान | SC/ST कल्याण |
| 22 | श्रेयसी सिंह | सूचना एवं खेल |
| 23 | संजय सिंह | लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण |
| 24 | दीपक प्रकाश | पंचायती राज |
| 25 | प्रमोद कुमार चंद्रवंशी | सहकारिता, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन |
| 26 | संजय पासवान | गन्ना उद्योग |