KNEWS DESK- राजधानी की राजनीति में एक ऐतिहासिक पड़ाव के रूप में भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक सफर अब अपने स्थायी ठिकाने पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बने भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री, सांसद-विधायक और हजारों कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश भाजपा की यात्रा आजादी के बाद नया बाजार से शुरू हुई थी। जनसंघ के दौर में यहीं से पार्टी की गतिविधियां संचालित होती थीं। बाद में भाजपा बनने पर पहला कार्यालय अजमेरी गेट में बना, जो कुछ समय बाद 20, रकाबगंज रोड पर स्थानांतरित हुआ। इसके बाद करीब 35 वर्षों तक 14, पंडित पंत मार्ग भाजपा की गतिविधियों का केंद्र बना रहा। अब संगठन अपने सबसे आधुनिक और पूर्ण रूप से सुसज्जित भवन — दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित नए प्रदेश कार्यालय — में प्रवेश कर रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस अवसर पर कहा कि यह भवन सिर्फ एक कार्यालय नहीं, बल्कि एक ‘संस्कार केंद्र’ है, जहां कार्यकर्ताओं की विचारधारा, अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भवन उस लंबे संघर्ष की गवाही है, जिसमें जमीन आवंटन से लेकर निर्माण तक कई चुनौतियां पार की गईं।
करीब 825 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बना यह पांच मंजिला भवन दक्षिण भारतीय वास्तुकला की शैली में निर्मित है। प्रवेश द्वार पर ऊंचे स्तंभ इसकी भव्यता को और निखारते हैं।
बेसमेंट: वाहन पार्किंग की सुविधा।
भूतल: स्वागत कक्ष, कॉन्फ्रेंस रूम और कैंटीन।
पहली मंजिल: एक आधुनिक सभागार जिसकी क्षमता 300 लोगों की है।
दूसरी मंजिल: पार्टी के मोर्चों और कर्मचारियों के लिए कार्यालय।
तीसरी मंजिल: प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिवों के कार्यालय।
चौथी मंजिल: बाहरी राज्यों से आने वाले नेताओं के लिए विश्राम कक्ष।
पांचवीं मंजिल: प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और दिल्ली के सांसदों के कार्यालय।