ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े मर्डर, घर के बाहर दौड़ाकर युवक को मारी गोली, CCTV में कैद वारदात

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के Greater Noida स्थित लुकसर गांव में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नितिन (पुत्र फिरे सिंह) निवासी लुकसर के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर नितिन अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी गांव के ही सचिन अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने पुरानी रंजिश के चलते नितिन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

गोली लगते ही नितिन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजन नितिन को तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों पक्षों के बीच हुए एक आपराधिक मामले में नितिन जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते बदले की नीयत से हमला किया गया हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *