KNEWS DESK- भीषण गर्मी से जूझ रहे देश के कई इलाकों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गति पकड़ ली है और पूर्वोत्तर भारत, दक्षिणी राज्यों, तथा मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज़ हो गया है। इस बीच राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी प्री-मानसून बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को तेज हवाओं और हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक राजधानी में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।
फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले 48 घंटों के भीतर यह गुजरात, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी अरब सागर तक आगे बढ़ सकता है।
IMD के अनुसार दो अलग-अलग निम्न दबाव के क्षेत्र विकसित हो चुके हैं- पहला: दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र में। दूसरा: गुजरात क्षेत्र में।
इनका असर अगले 24 से 48 घंटों के भीतर महसूस किया जा सकता है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कहां-कैसा रहेगा मौसम?
-
उत्तर प्रदेश: कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना।
-
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, हरियाणा, राजस्थान: हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
-
विदर्भ, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप: हल्की बारिश और गरज-चमक संभव।
-
तेलंगाना, मराठवाड़ा: छिटपुट बारिश की संभावना।
-
दक्षिण गुजरात: अगले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
-
कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, उत्तर बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत: हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।