डिजिटल डेस्क- मथुरा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यमुना नदी में नाव पलटने से 10 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह दर्दनाक घटना मांट थाना क्षेत्र के केसी घाट के पास हुई, जहां श्रद्धालु यमुना में नाव से सैर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नाव में करीब तीन दर्जन लोग सवार थे। अचानक तेज बहाव के कारण नाव अनियंत्रित होकर पांटून पुल से टकरा गई और देखते ही देखते पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
15 श्रद्धालुओं को निकाला गया बाहर
स्थानीय लोगों और नाव चालकों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और पानी में कूदकर लोगों को बचाने की कोशिश की। अब तक 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज वृंदावन के अस्पतालों में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पंजाब के लुधियाना से करीब 150 श्रद्धालुओं का दल मंदिरों के दर्शन के लिए वृंदावन आया था। इनमें से कुछ लोग शुक्रवार दोपहर यमुना में नाव से घूमने निकले थे, लेकिन यह सैर उनके लिए काल बन गई। किसी ने सोचा भी नहीं था कि खुशी के ये पल इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएंगे।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसएसपी
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एनडीआरएफ और पीएसी के गोताखोर मौके पर पहुंच गए। बचाव और राहत कार्य लगातार जारी है। गोताखोर नदी में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन तेज बहाव के कारण अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज धारा के कारण नाव पांटून पुल से टकराई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और राहत कार्य पूरी गंभीरता के साथ चल रहा है।