KNEWS DESK- मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब जीतकर न सिर्फ अपना, बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर की रहने वाली मनिका की इस उपलब्धि के बाद अब वे भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में उतरेंगी, जहां 130 देशों की प्रतिभागी हिस्सा लेंगी।
मनिका का सफर आसान नहीं रहा। छोटे शहर से बड़े सपनों को लेकर निकलीं मनिका ने 2019 में मॉडलिंग करियर की शुरुआत की थी। दिल्ली में रहकर उन्होंने धीरे-धीरे रैंप वॉक, फोटोशूट और ब्यूटी पेजेंट्स में अपनी पहचान बनानी शुरू की। उनकी मेहनत रंग लाई जब उन्होंने फेमिना मिस ग्रैंड इंडिया 2020 का ताज जीता। इसके बाद उन्होंने मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का खिताब भी अपने नाम किया – जो मिस यूनिवर्स इंडिया का एक अहम पड़ाव है।
मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीतने के साथ ही मनिका के कंधों पर अब एक बड़ी जिम्मेदारी है – भारत का अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व करना। थाईलैंड में होने वाली मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में वह भारत की सांस्कृतिक विविधता, सुंदरता, और आत्मविश्वास को विश्व मंच पर दिखाने के लिए तैयार हैं।
मनिका विश्वकर्मा सिर्फ एक सुंदर चेहरा नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारों वाली युवा महिला हैं। उन्होंने अपने इंटरव्यूज़ और पब्लिक अपीयरेंस में महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा की महत्ता और समाज में सकारात्मक बदलाव की जरूरत जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की है।
उनकी जीत के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है। कई बॉलीवुड सितारे, फैशन इंडस्ट्री के बड़े नाम और राजनीतिक हस्तियां उन्हें शुभकामनाएं दे चुके हैं। राजस्थान सरकार की ओर से भी मनिका को सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
अब सभी की निगाहें 74वें मिस यूनिवर्स कॉन्टेस्ट पर टिकी हैं, जहां मनिका भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद लेकर जा रही हैं। उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और मेहनत को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि वह भारत की अगली मिस यूनिवर्स बन सकती हैं।