दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, गेट तोड़कर घुसी संदिग्ध कार, स्पीकर कार्यालय तक पहुंचा नकाबपोश शख्स

डिजिटल डेस्क- राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए दिल्ली विधानसभा परिसर में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक अज्ञात कार ने विधानसभा के मुख्य गेट को तोड़ते हुए जबरन अंदर प्रवेश किया और सीधे स्पीकर के दफ्तर के पास तक पहुंच गई। इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश नंबर की यह कार दोपहर करीब 2 बजे गेट नंबर 2 से तेज रफ्तार में आई और लोहे का गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई। हैरानी की बात यह है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद गाड़ी बिना किसी रोक-टोक के विधानसभा परिसर में दाखिल हो गई, जो सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है।

स्पीकर कार्यालय के पास गुलदस्ता रख हुआ फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रहा शख्स नकाब पहने हुए था। अंदर घुसने के बाद वह सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा। वहां पहुंचकर उसने बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखा और फिर मौके से फरार हो गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी वहां से निकल चुका था। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी हाई-सिक्योरिटी वाले क्षेत्र में कोई वाहन गेट तोड़कर अंदर कैसे घुस सकता है? और वह भी सीधे स्पीकर कार्यालय तक पहुंच जाए—यह सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामी को उजागर करता है।

पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पूरे परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कार व आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक साधारण घटना नहीं, बल्कि संभावित “सिक्योरिटी ब्रीच” के तौर पर देखा जा रहा है। इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया था, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटना होना कई बड़े सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *