शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादलों के आदेश अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद की ओर से जारी किए गए हैं। इस सूची में मुख्यालय स्तर से लेकर जोन, रेंज, कमिश्नरेट और जिलों तक बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य अपराध नियंत्रण को मजबूत करना, प्रशासनिक समन्वय बेहतर बनाना और संवेदनशील क्षेत्रों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती बताया जा रहा है। तबादला सूची में कई अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि 11 जिलों के एसपी-एसएसपी भी बदले गए हैं।

कानपुर से मुरादाबाद भेजे गए जेसीपी विनोद कुमार
लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पांडे को डीजी, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। वहीं अयोध्या परिक्षेत्र के एडीजी प्रवीण कुमार को लखनऊ जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा के.एस. इमैन्युअल को आर्थिक अपराध शाखा से डीजीपी का जीएसओ बनाया गया है। सोमेन बर्मा को मिर्जापुर एसपी से डीआईजी, अयोध्या रेंज नियुक्त किया गया है, जबकि विनोद कुमार को कानपुर कमिश्नरेट से आईजी, डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद भेजा गया है।
100 करोड़ के घोटाले का खुलासा करने वाली अनुकृति शर्मा को मिला इनाम, बनाई गई एडीसीपी
संभल में 100 करोड़ से अधिक के इंश्योरेंस घोटाले का खुलासा करने वाली अनुकृति शर्मा (2020 बैच) को प्रमोशन देते हुए गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में एडीसीपी बनाया गया है। वहीं जिलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का एसएसपी, अविनाश पांडे को मेरठ का एसएसपी और अभिनंदन को सहारनपुर का एसएसपी नियुक्त किया गया है। सरकार का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।