पश्चिमी यूपी में कोहरे से हुआ बड़ा हादसा, हादसों में दो की गई जान..

यूपी, मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। फरवरी में मार्च जैसा तापमान होने के बाद भी रविवार तड़के कोहरा लौट आया। कोहरे की धुंध के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। चालकों को लाइटें जलाकर हाईवे पर चलना पड़ा। धूप खिलने के बाद लगभग आठ बजे कोहरा छंटा। पश्चिमी यूपी के दो जिलों में रविवार सुबह कोहरे के कारण कई जगह हादसे हुए। इन हादसों में दो लोगों की जान चली गई और करीब 15 लोग घायल हो गए हैं।

बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और शामली में मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार सुबह 10 से अधिक वाहन आपस में भिड़ गए। हादसों में दो की मौत हो गई, जबकि छात्राओं समेत 15 लोग घायल हो गए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कोहरे से ढका शहर

रविवार की तड़के लोग जागे तो शहर कोहरे के चादर से ढका था। कोहरे में लोग मार्निंग वाक करने के लिए निकले। मौसम में ठंड का भी अहसास हुआ। कोहरे की धुंध इतनी अधिक थी, कि हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वाहन चालक लाइटें जलाकर आगे बढ़े। सुबह साढ़े छह बजे अचानक से कोहरा बढ़ गया। इसके बाद सुबह सात बजे सूरज दिखाई दिया। साढ़े सात बजे सूरज पूरा दिखाई दिया तो कोहरा छंटना शुरू हुआ। सुबह नौ बजे तक धुंध छंट गई। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

गर्मी बढ़ने से हुआ परिवर्तन

बुलंदशहर के कृषि विज्ञान केंद्र के मौसमविद् रामानंद पटेल का कहना है कि शनिवार की सुबह मौसम में बदलाव हुआ। कोहरा भी आया। अचानक से गर्मी बढ़ने के बाद मौसम में परिवर्तन हुआ है और कोहरा आया है। उधर, मौसम में अचानक से गर्मी बढ़ने के कारण गेहूं उत्पादक किसान भी परेशान हैं।

About Post Author