KNEWS DESK – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे के कुछ ही घंटों बाद एक और हवाई घटना सामने आई है। बुधवार, 28 जनवरी 2026 को जयपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक विमान की लैंडिंग पहली कोशिश में असफल हो गई। इस विमान में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सवार थे।
एयर इंडिया का विमान AI-1719 दिल्ली से जयपुर आ रहा था। दोपहर करीब 1 बजकर 5 मिनट पर विमान ने जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन रनवे पर उतरते ही लैंडिंग अनस्टेबल हो गई। पायलट ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को दोबारा हवा में उठा लिया, जिसे तकनीकी भाषा में गो-अराउंड कहा जाता है।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, अनस्टेबल अप्रोच और संभावित रनवे कंडीशन के चलते पहली लैंडिंग को रोका गया। इसके बाद विमान करीब 10 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा और दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्री, जिनमें सुखजिंदर सिंह रंधावा भी शामिल थे, पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एविएशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, गो-अराउंड कोई असामान्य स्थिति नहीं है, बल्कि यह एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को किसी भी स्तर पर लैंडिंग असुरक्षित लगती है, तो वह विमान को दोबारा हवा में ले जाने का फैसला करता है।
गौरतलब है कि इसी दिन सुबह महाराष्ट्र के बारामती में अजित पवार का चार्टर्ड विमान (Learjet 45) लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। रनवे से फिसलने के बाद विमान में आग लग गई, जिसमें अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद देशभर में हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता और सतर्कता बढ़ गई है।