महाराष्ट्र में सनसनी: कांग्रेस विधायक साजिद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी जान से मारने की धमकी, मांगी 10 करोड़ की फिरौती

KNEWS DESK – कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्मी हस्तियों के बाद अब राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी कथित तौर पर धमकी मिलने की खबर सामने आई है। महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है और 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है।

“10 करोड़ दो, नहीं तो जान से मार देंगे”

मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए साजिद खान पठान ने बताया कि 17 फरवरी को उन्हें एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और कथित तौर पर कहा कि अगर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

पठान के मुताबिक, फोन पर धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि “आज नहीं तो कल, जहां भी मिलोगे, वहीं गोली मार देंगे।”

परिवार को भी मिली धमकी

कांग्रेस विधायक ने कहा कि वे कोई उद्योगपति या बड़े कारोबारी नहीं हैं, बल्कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं। इसके बावजूद उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अकोला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और 17 फरवरी को एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है।

सदन में उठाया मुद्दा

पठान ने कहा कि उन्होंने इस गंभीर मामले को विधानसभा में उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के नेता विजय वडेट्टीवार ने भी उनकी ओर से आवाज उठाई। विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि एक जनप्रतिनिधि को अपनी सुरक्षा के मुद्दे पर सदन में बोलने का अवसर नहीं मिलेगा, तो आम जनता की आवाज कौन सुनेगा?

कानून-व्यवस्था पर सवाल

साजिद खान पठान ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर एक विधायक को खुलेआम धमकी मिल सकती है, तो आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने सरकार से जवाब मांगा कि सुरक्षा व्यवस्था आखिर कहां है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *