KNEWS DESK – दिल्ली विधानसभा चुनावों के अंतिम दौर में सभी दल अपने प्रचार-प्रसार को तेज़ कर चुके हैं, और अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दिल्ली के विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह के समर्थन में प्रचार किया। जापान यात्रा से लौटते ही, डॉ. यादव ने भाजपा के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार में जोश भरते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा।
केजरीवाल को रावण से जोड़ा
अपने संबोधन में, डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कड़ी आलोचना की। उन्होंने केजरीवाल की तुलना रावण से करते हुए कहा कि जिस प्रकार रावण ने माता सीता का हरण करने के लिए सोने का मृग दिखाकर जाल बिछाया था, वैसे ही आम आदमी पार्टी ने दिल्लीवासियों को झूठे सपने दिखाकर उन्हें ठगने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दस वर्षों में केजरीवाल ने दिल्ली का सत्यानाश किया है।
डॉ. यादव ने कहा, ‘ये लोग फिर से सोने का मृग दिखाकर लोगों को फंसाने की कोशिश करेंगे, लेकिन इस बार दिल्ली की जनता ऐसे झूठे वादों से सावधान रहे|’
कांग्रेस और परिवारवाद पर हमला
इसके साथ ही, डॉ. यादव ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमारे महापुरुषों ने देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए बलिदान दिया, लेकिन जब अंग्रेज़ गए, तो कांग्रेस ने राजपाट को एक ही परिवार में समेट लिया। एक ही परिवार के लोग प्रधानमंत्री बनने लगे।” उन्होंने कांग्रेस को ‘परिवारवाद’ का प्रतीक बताते हुए भाजपा के संघर्षों को उजागर किया।
पीएम मोदी की तारीफ और डबल इंजन सरकार की जरूरत
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता केवल अपने परिवार के लिए सत्ता प्राप्त करना चाहते हैं, जबकि पीएम मोदी ने अपना पूरा जीवन देश की जनता को समर्पित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली को अब “डबल इंजन सरकार” की जरूरत है, जो दिल्ली को एक समृद्ध और स्वच्छ राजधानी बनाए।
दिल्ली में भाजपा की मजबूत वापसी की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली की वर्तमान स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की, विशेष रूप से कचरे के पहाड़ और यमुना नदी के प्रदूषण के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “दिल्ली में अब भाजपा सरकार की आवश्यकता है। हम दिल्ली को दुनिया की सबसे अच्छी राजधानी बनाएंगे।”