लखनऊ: होली से पहले 2000 किलो खराब मिठाइयां नष्ट, नकली पनीर और रंगीन कचरी भी जब्त

KNEWS DESK- होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश और आसपास के जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कई छापेमारी की गई और हजारों किलो संदिग्ध एवं मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। वहीं, बड़ी मात्रा में सामान मौके पर ही नष्ट कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बाराबंकी में खाद्य विभाग की टीम ने 100 किलो पनीर और 200 किलो रंगीन कचरी जब्त कर नाले में बहा दिया। इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये मूल्य का अन्य खाद्य पदार्थ नष्ट किया गया। सहायक खाद्य आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

आजमगढ़ में भी विभाग ने एक गोदाम पर छापा मारा। यहां आगरा से लाए गए करीब 3.35 लाख रुपये मूल्य के मिलावटी खोया, काजू बर्फी, पनीर और अन्य मिठाइयां जब्त की गईं। सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त सुशील कुमार मिश्र ने लोगों से अपील की कि वे चमकीले और रंगीन खाद्य पदार्थों से बचें और पैक्ड सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।

हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के शाहपुर में एक घर में 13 क्विंटल रंगीन कचरी बरामद की गई। यह कचरी दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए तैयार की जा रही थी। विभाग ने सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं और लोगों को चेतावनी दी है कि ऐसे सिंथेटिक खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं।

राजधानी लखनऊ में भी टीमों ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। शहर के अलग-अलग इलाकों में 2 हजार किलो से अधिक खराब मिठाइयां, दूध और खोया मौके पर ही नष्ट कराया गया। मिलावटखोरी की लगातार शिकायतें मिलने के कारण प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

अयोध्या में एक होलसेल व्यापारी की दुकान पर छापेमारी कर लाखों रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए गए। टीम ने 82 टिन पाम ऑयल और 61 हजार रुपये का रिफाइंड तेल जब्त किया। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए।

सहारनपुर में छापेमारी के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां टॉयलेट के पास 2000 लीटर दूध भरा हुआ था। जंग लगे कंटेनरों में दूध रखा गया था, जो साफ तौर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। विभाग ने सैंपल लेकर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

राजस्थान के अलवर में भी बड़ी कार्रवाई की गई, जहां 180 किलो नकली और सिंथेटिक पनीर नष्ट किया गया। यह क्षेत्र नकली मावा और मिठाइयों की सप्लाई के लिए कुख्यात है, जहां से एनसीआर के कई शहरों में मिलावटी सामान भेजा जाता है।

इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और मुनाफा कमाने के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं। प्रशासन ने पूरे राज्य में अभियान तेज कर दिया है।

खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध या सस्ते खाद्य पदार्थ से बचें। विशेष रूप से रंगीन मिठाइयां, सिंथेटिक पनीर और खुले दूध से सतर्क रहें। पैक्ड सामान खरीदते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जहां भी मिलावटखोरी की शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *