“एलपीजी अब ‘लापता गैस’ बन गई है”…. ईंधन संकट पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, लंबी लाइनों को लेकर उठाए सवाल

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश में कथित ईंधन संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में एलपीजी की कमी और पेट्रोल-डीजल के लिए लग रही लंबी कतारों को सरकार की विफलता करार दिया। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “आज एलपीजी का मतलब लापता गैस हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई हिस्सों में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के पास इस समस्या से निपटने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह हालात दर्शाते हैं कि सरकार ने पहले से कोई तैयारी नहीं की। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर जनता को सुविधाएं देने के बजाय केवल “लाइन में खड़ा करने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग गैस और पेट्रोल के लिए लंबा इंतजार कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यह स्थिति आम लोगों के लिए बेहद परेशान करने वाली है, खासकर तब जब महीने की शुरुआत में ही सिलेंडर भरवाने में इतनी दिक्कत आ रही है।

आपूर्ति की कमी की आशंका के बावजूद तैयारी क्यों नहीं की गई- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि अगर सरकार को आपूर्ति में कमी की आशंका थी, तो उसने पहले से तैयारी क्यों नहीं की। उन्होंने कहा, “अगर लोग महीने की शुरुआत में ही गैस भरवाने जाएं और उन्हें इतनी परेशानी झेलनी पड़े, तो यह सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही को दिखाता है।” इस दौरान उन्होंने एलपीजी सिलेंडर के वजन को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि 14.2 किलो के सिलेंडर को घटाकर 10 किलो करना सरकार की रणनीति का हिस्सा था, तो उसी हिसाब से सिलेंडरों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जानी चाहिए थी। उनके अनुसार, ऐसा नहीं होने से सप्लाई और मांग के बीच असंतुलन पैदा हो गया है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

कोरोना काल जैसी तस्वीर फिर से आने लगी सामने- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने मौजूदा हालात की तुलना कोरोना काल से करते हुए कहा कि उस समय भी लोग जरूरी वस्तुओं के लिए लंबी लाइनों में खड़े होते थे और अब एक बार फिर वही तस्वीर सामने आ रही है। उन्होंने कहा, “कोरोना के दिन याद आ गए हैं, जब लोग हर चीज के लिए लाइन में लगते थे। आज भी वही स्थिति दिखाई दे रही है।” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने व्यवस्थाओं को सुधारने के बजाय हालात को और बिगाड़ दिया है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जिस तरह जनता आज गैस और ईंधन के लिए लाइन में खड़ी है, उसी तरह आने वाले चुनावों में यही जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए लाइन लगाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *