प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं,जानिए किसने क्या कहा ?

शिव शंकर सविता- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन (17 सितंबर) पर उन्हें देशभर से बधाइयों का तांता लग गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और ललन सिंह समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की। सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा – “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।”

चिराग पासवान

चिराग पासवान ने पीएम मोदी को “विश्व पटल पर भारत की नई पहचान गढ़ने वाला प्रखर नेतृत्वकर्ता” बताते हुए लिखा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

जीतनराम मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में प्रगति की है – चाहे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने की उपलब्धि हो या आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों की सफलता।

उपेंद्र कुशवाहा

उपेंद्र कुशवाहा ने भी बधाई देते हुए प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वहीं जदयू नेता ललन सिंह ने लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और गौरवशाली बनेगा तथा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करेगा।

पुष्कर सिंह धामी

बिहार के नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी शुभकामनाओं की बौछार हुई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें “नए भारत के शिल्पकार” और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक” बताते हुए शुभकामनाएं दीं।

अखिलेश यादव

वहीं, विपक्षी नेताओं ने भी पीएम को बधाई दी। अखिलेश यादव ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की, तो मायावती ने कहा कि मोदी जी के जन्मदिन पर जिस स्तर पर सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं, वह अपने आप में ऐतिहासिक है।

हर्ष सिंघवी

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सिंघवी ने उन्हें “त्याग और समर्पण का प्रतीक” बताया।

अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि पीएम मोदी ने अपने असाधारण नेतृत्व से देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति को स्थापित किया है और विश्व समुदाय भी उनके मार्गदर्शन में विश्वास व्यक्त कर रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन इस बार न केवल भाजपा के लिए बल्कि पूरे राजनीतिक परिदृश्य में चर्चा का विषय बना रहा। बिहार से लेकर दिल्ली और कश्मीर से कन्याकुमारी तक नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की।