KNEWS DESK- कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं, तकनीकी गड़बड़ियों, गलत केंद्र आवंटन और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना ने देशभर में आक्रोश फैला दिया है। इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है।
देशभर से हजारों एसएससी अभ्यर्थी परीक्षा प्रणाली में भारी अनियमितताओं को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए थे। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में बार-बार तकनीकी दिक्कतें आती हैं। गलत परीक्षा केंद्र भेजा गया, परीक्षा रद्द कर दी गई या बीच में रोक दी गई। सिस्टम में बार-बार गड़बड़ी होने के बावजूद सरकार और एसएससी अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया।
छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया था, लेकिन पुलिस ने आधी रात के बाद कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज कर दिया। कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं। मीडिया के लोगों को भी खबर कवर करने से रोका गया।
अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा “भाजपा की तानाशाही और गुंडागर्दी देखिए। एसएससी की परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर ये छात्र महीनों से इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे थे। लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय रात के अंधेरे में उन पर लाठियां बरसा दी गईं।”
उन्होंने आगे लिखा “सोचिए… जिन हाथों में कल किताबें होनी चाहिए थीं, आज उन पर चोटों के निशान हैं।
मीडिया को खबर दिखाने से रोका गया। देश में खुली गुंडागर्दी चल रही है।” केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जो भाजपा से सवाल पूछता है, उसे जेल भेज दिया जाता है। जब चाहे कानून बदला जाता है, और वोट न देने वालों की वोट काट दी जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के लोकतंत्र और पूरे सिस्टम का मजाक बना दिया है।