KNEWS DESK- रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के छात्रावास में शनिवार को चाकू से हमला होने की गंभीर घटना सामने आई। इस हमले में चार भारतीय छात्रों और दो पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम आठ लोग घायल हो गए। रूसी गृह मंत्रालय के अनुसार, चाकू लिए एक किशोर छात्रावास के खेल कक्ष में घुस गया और वहां मौजूद छात्रों पर अंधाधुंध हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने गिरफ्तारी का विरोध किया और दो पुलिसकर्मियों को भी चाकू मार दिया। इसके बाद उसे काबू में कर लिया गया। रूसी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावर ने खुद को भी चोट पहुंचाई है। टेलीग्राम चैनलों और स्थानीय मीडिया का कहना है कि हमले के बाद छात्रावास परिसर में चारों ओर खून फैला हुआ था और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
रूस में भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। दूतावास के अनुसार, हमले में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। काजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायलों की सहायता के लिए ऊफा रवाना हो चुके हैं और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं।
आरटीवीआई डॉट कॉम ने गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क के हवाले से बताया कि संदिग्ध ने पुलिस कार्रवाई के दौरान हिंसक व्यवहार किया। वहीं, जांच समिति ने इस घटना की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। बाजा टेलीग्राम चैनल के अनुसार, आरोपी की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि घायल छात्रों और पुलिस अधिकारियों का इलाज स्थानीय क्लिनिकल अस्पताल में चल रहा है।
अधिकारियों ने अभी तक घायलों की पहचान या उनकी राष्ट्रीयता का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।