शिव शंकर सविता- कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें सात श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा डोरमा पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्राला में पीछे से तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी यात्री फतेहपुर जिले के मलवां क्षेत्र के बड़ोखर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दर्शन करने और मुंडन कराने शीतला धाम जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु रामनवमी के अवसर पर शीतला धाम दर्शन करने और मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए के लिए सुबह पिकअप वाहन से निकले थे। दर्शन के बाद दोपहर करीब 3:45 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर घायल लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए चार एंबुलेंस लगाई गईं। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय सात लोगों ने दम तोड़ दिया। बाकी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की वजह से लगा लंबा जाम
हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौके पर कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और स्थिति को संभालने में जुट गए। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य किया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पिकअप में क्षमता से अधिक लोग तो सवार नहीं थे।