कर्नाटक कांग्रेस में बढ़ी हलचल, विधायक ने उठाई CM बदलने की मांग

KNEWS DESK – कर्नाटक की सियासत में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच संभावित बदलाव की अटकलों ने कांग्रेस खेमे में नई चर्चा छेड़ दी है।

नेतृत्व परिवर्तन की उठी मांग

रविवार को कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने खुलकर नेतृत्व में बदलाव की बात कही। उनका कहना है कि पार्टी को चुनावी दृष्टिकोण से बदलाव पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाईकमान को इस मुद्दे पर चल रही अनिश्चितता को जल्द खत्म करना चाहिए, क्योंकि विधायक और मंत्री स्पष्टता चाहते हैं।

हालांकि, सिद्धारमैया समर्थक गुट लगातार सीएम पद पर किसी भी बदलाव की अटकलों को खारिज करता रहा है। दूसरी ओर, शिवकुमार समर्थक खेमे का मानना है कि संगठन और आगामी चुनावों को देखते हुए नए नेतृत्व पर विचार होना चाहिए।

26 फरवरी को दिल्ली दौरे पर शिवकुमार

सूत्रों के मुताबिक, डी.के. शिवकुमार को 26 फरवरी को पार्टी हाईकमान से मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाया गया है। इससे पहले भी वे केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि वे फरवरी के अंत तक विधायक दल की बैठक बुलाने के पक्ष में हैं।

इसी कड़ी में लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की है, जिससे सियासी अटकलों को और बल मिला है।

हाईकमान के सामने संतुलन की चुनौती

पार्टी नेतृत्व के सामने जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को संतुलित रखने की चुनौती भी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि शिवकुमार को आगे बढ़ाया जाता है तो सिद्धारमैया समर्थक लिंगायत और अल्पसंख्यक वोटरों में असंतोष हो सकता है। वहीं, यदि मौजूदा व्यवस्था जारी रहती है तो शिवकुमार समर्थक वोक्कालिगा समुदाय और संगठनात्मक ढांचे में नाराजगी बढ़ सकती है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संकेत दिए हैं कि इस मसले पर व्यापक चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि बातचीत के बाद राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *