कानपुर लैंबॉर्गिनी केस: शिवम के घर पहुंची पुलिस, गेट न खुलने पर बैरंग लौटी, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

KNEWS DESK – रविवार दोपहर हुए हाईप्रोफाइल लैंबॉर्गिनी सड़क हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले अज्ञात के खिलाफ दर्ज एफआईआर में अब तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा का नाम जोड़ दिया गया है। साथ ही मामले में शुरुआती स्तर पर लापरवाही सामने आने पर ग्वालटोली थाने के थाना प्रभारी को पुलिस आयुक्त ने लाइन हाजिर कर दिया है।

हादसे के बाद शिवम मिश्रा का नाम एफआईआर में न होने पर सवाल उठ रहे थे, क्योंकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह लैंबॉर्गिनी कार में मौजूद दिख रहे थे। पुलिस के अनुसार अब जांच के आधार पर नाम जोड़ा गया है।

घर पहुंची पुलिस, नहीं खुला गेट

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर ग्वालटोली थाना पुलिस आर्यनगर स्थित केके मिश्रा के बंगले पर पहुंची, लेकिन काफी देर तक घंटी बजाने और आवाज लगाने के बावजूद गेट नहीं खोला गया। मीडिया फुटेज में बंगले के अंदर बॉडीगार्ड नजर आए, लेकिन पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया गया। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद वापस लौटने की बात कही।

शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 125(बी) और 324(4) के तहत केस दर्ज किया था। अब जांच आगे बढ़ने के साथ शिवम मिश्रा को नामजद किया गया है।

तेज रफ्तार और नशे का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 3:15 बजे रेव-3 मॉल के पास हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर खड़ी बुलेट बाइक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार करीब 10 फीट तक उछल गया और कार बाइक को घसीटते हुए बिजली के खंभे से टकराकर रुकी। चश्मदीदों ने चालक के नशे में होने का भी दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *