कानपुर किडनी रैकेट: 6 गिरफ्तार, मेरठ कनेक्शन से मचा हड़कंप, टेलीग्राम ग्रुप से डोनर तलाशने के आरोप

KNEWS DESK – कानपुर में अवैध किडनी कारोबार का बड़ा खुलासा होने के बाद अब इस मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं जांच में मेरठ कनेक्शन सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है।

मेरठ से जुड़े तार, डॉक्टर की तलाश

जांच में सामने आया है कि मेरठ के एक अस्पताल से जुड़े डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि एक डॉक्टर ने टेलीग्राम ग्रुप के जरिए किडनी डोनर की तलाश की थी। इसी नेटवर्क के माध्यम से देहरादून में पढ़ रहे बिहार के एक युवक को किडनी देने के लिए तैयार किया गया।

सूत्रों के अनुसार, युवक से करीब 6 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, लेकिन ऑपरेशन के बाद उसे केवल साढ़े तीन लाख रुपये ही दिए गए। बाकी रकम को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और पूरे रैकेट का पर्दाफाश हो गया।

टेलीग्राम के जरिए चलता था नेटवर्क

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे टेलीग्राम का इस्तेमाल कर डोनर और मरीजों को जोड़ता था। वहीं पर डील फाइनल होती थी और आगे की प्रक्रिया तय की जाती थी।

CMO का नोटिस, अस्पताल से मांगा जवाब

मेरठ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अस्पताल को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस में कई लोगों के नामों का जिक्र किया गया है, जिनकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधन ने आरोप नकारे

वहीं, संबंधित अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके यहां ऐसे किसी डॉक्टर की तैनाती नहीं है और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी गतिविधियों का कोई संबंध उनके अस्पताल से नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस जांच के लिए अस्पताल पहुंच चुकी है और वे पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।

कानपुर पुलिस के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है। अलग-अलग शहरों में फैले इस नेटवर्क के तार जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *