KNEWS DESK- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई दी और उन्हें पार्टी के “नौजवान, ऊर्जावान और प्रतिभावान” नेता के रूप में बताया।
कार्यक्रम में नड्डा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन ने पदभार संभाला है। उन्होंने नितिन नबीन को अपनी ओर से और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई दी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के चुनाव समिति के सदस्यों का भी धन्यवाद किया।
नड्डा ने आगे कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की विजय रथ लगातार आगे बढ़ रही है और अब यह रथ नितिन नबीन के नेतृत्व में भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा आज 20 राज्यों में सरकार चला रही है और बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में दूसरी बार सरकार बनाने का गौरव हासिल कर चुकी है। नड्डा ने कहा, “अब पीएम मोदी और नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा पश्चिम बंगाल में भी जीत दर्ज करेगी।”
जेपी नड्डा ने नितिन नबीन की उपलब्धियों और राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि नितिन नबीन मूलतः कार्यकर्ता हैं और वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन ने बहुत कम उम्र में पांच बार विधायक के रूप में सेवा की है और वर्तमान में भी वे विधायक हैं।
उन्होंने कहा कि नितिन नबीन बिहार सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं और राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव के रूप में पूरे देश का भ्रमण कर चुके हैं, जिससे उन्हें देश की विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों को समझने का मौका मिला।
नड्डा ने यह भी बताया कि नितिन नबीन सिक्किम के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के प्रभारी भी रहे हैं, जहां उन्होंने भाजपा सरकार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जेपी नड्डा ने कहा, “ऐसे नौजवान, ऊर्जावान और प्रतिभावान व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।”