KNEWS DESK, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब क्रिकेट के मैदान से बाहर भी एक नई भूमिका में नजर आएंगे। चुनाव आयोग ने उन्हें झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। हालांकि धोनी चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि वह मतदाताओं को अपने मताधिकार का सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करेंगे।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने जानकारी दी है कि धोनी ने चुनाव आयोग को उनकी तस्वीर का इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है। कुमार ने कहा, “महेंद्र सिंह धोनी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। हम अन्य विस्तृत जानकारी के लिए उनके संपर्क में हैं।” झारखंड की राजधानी रांची के निवासी धोनी क्रिकेट में अपने योगदान के साथ-साथ अब लोकतंत्र के उत्सव में भी सक्रिय भूमिका निभाने जा रहे हैं।
झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को 43 सीटों के लिए किया जाएगा। हाल ही में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई है, जिसमें कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया है जैसे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने भी सिल्ली सीट से नामांकन दाखिल किया है। झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन का मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन से है। INDIA में झामुमो, कांग्रेस और राजद शामिल हैं जबकि एनडीए में भाजपा, आजसू, जनता दल यूनाइटेड और लोजपा शामिल हैं।