KNEWS DESK- रामनगरी अयोध्या में तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंसाचार्य को एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। ताजा मामला 29 जनवरी की रात का है, जब रात 9:26 बजे एक अज्ञात युवक ने फोन कर उन्हें अपशब्द कहे और गंभीर धमकी दी।
जगद्गुरु परमहंसाचार्य ने इस संबंध में अयोध्या पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है। इससे पहले भी 17 जनवरी को उन्हें फोन के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी शिकायत पहले ही पुलिस को दी जा चुकी है।
लगातार मिल रही धमकियों को लेकर परमहंसाचार्य ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उन्हें बार-बार धमकियां मिल रही हैं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर आवाज उठाते रहे हैं, जिसके कारण वे कट्टरपंथी तत्वों के निशाने पर हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और कॉल करने वाले युवक की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।