“ये एक हादसा था, इस पर राजनीति न करें”… अजित पवार के निधन पर शरद पवार का बयान

KNEWS DESK – महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस दुखद घटना को लेकर किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। शरद पवार ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है और इसमें राजनीतिक रंग देना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा, “राज्य ने एक बड़े जननेता को खो दिया है। यह नुकसान इतना बड़ा है कि इसकी भरपाई संभव नहीं है।”

बुधवार को हुए इस विमान हादसे ने पूरे महाराष्ट्र को सदमे में डाल दिया है। 66 वर्षीय अजित पवार मुंबई से एक कार्यक्रम के लिए बारामती जा रहे थे। लैंडिंग के दौरान उनके निजी जेट में तकनीकी खराबी आ गई। रनवे के पास ही विमान में आग लग गई और कुछ ही पलों में वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार अजित पवार समेत सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन आग की तीव्रता के कारण किसी को भी बचाया नहीं जा सका। अजित पवार के निधन की खबर फैलते ही राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की जानकारी भी साझा की गई है। बुधवार शाम चार बजे से विद्या प्रतिष्ठान, बारामती में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। गुरुवार सुबह नौ बजे गदिमा हॉल से अंतिम यात्रा निकलेगी और सुबह 11 से 12 बजे के बीच विद्या प्रतिष्ठान परिसर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *