ISRO : चंद्रयान-3 को विदा करने वाली वैज्ञानिक वलारमथी का हुआ निधन, देश में शोक की लहर

KNEWS DESK… ISRO की तरफ से पिछले कुछ दिनों से देशवासियों के लिए अच्छी खबर सामने आ रही थी, पहले चंद्रयान-3 और उसके बाद देश का पहला सूर्य मिशन यानी आदित्य एल-1  लॉन्च किया गया, इसी बीच अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन  से एक दुखद खबर सामने आई है. भारत के मून मिशन यानी चंद्रयान-3 में अहम भूमिका निभाने वाली वैज्ञानिक वलारमथी का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया.

दरअसल आपको बता दें कि ISRO की वैज्ञानिक वलारमथी ने  चंद्रयान-3 की लॉन्च की उलटी गिनती में अपनी आवाज दी थी. चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था. इसके बाद 23 अगस्त को, चंद्रयान -3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) – जिसमें विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर शामिल थे, चंद्रमा की सतह पर उतरा, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन गया.

 डॉ. पीवी वेंकटकृष्णन ने किया याद

जानकारी के लिए बता दें कि वलारमथी  के निधन पर ISRO के पूर्व निदेशक डॉ. पीवी वेंकटकृष्णन ने  ट्विटर पर कहा, ‘वलारमथी मैडम की आवाज श्रीहरिकोटा से ISRO के भविष्य के मिशनों की उलटी गिनती के लिए अब नहीं होगी. चंद्रयान-3 उनकी अंतिम उलटी गिनती की घोषणा थी. एक अप्रत्याशित निधन. बहुत दुख महसूस हो रहा है, प्रणाम!.’ उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

About Post Author