पश्चिमी ईरान पर इजरायल का व्यापक हमला, खाड़ी देशों ने एयरस्पेस बंद किया

डिजिटल डेस्क- मध्य पूर्व में संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। ईरान के पलटवार के बाद इजरायल ने अब पश्चिमी ईरान में व्यापक सैन्य अभियान शुरू करने का दावा किया है। इजरायली सेना के मुताबिक, इस ऑपरेशन में ईरानी सेना के रणनीतिक ठिकानों और सैन्य ढांचे को निशाना बनाया जा रहा है। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन हमलों के जवाब में की जा रही है। सेना ने संकेत दिया है कि अभियान अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

खाड़ी देशों में अलर्ट, एयरस्पेस बंद

ईरान ने कतर, बहरीन, कुवैत और यूएई में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया है। कतर ने दावा किया है कि उसकी ओर दागी गई ईरानी मिसाइलों को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से हवा में ही रोक लिया गया। हालांकि, सुरक्षा कारणों से कतर, कुवैत और यूएई ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। ईरानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों की आशंका के बीच खाड़ी क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने इस क्षेत्र के लिए अपनी उड़ानें रद्द या डायवर्ट कर दी हैं।

बहरीन में भी हमले की खबर

बहरीन को भी ईरानी मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि मनामा के पास जुफैर इलाके में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है, जो खाड़ी में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। हालांकि नुकसान और हताहतों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है, लेकिन क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *