डिजिटल डेस्क- राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘शर्टलेस’ प्रोटेस्ट ने सियासत में भूचाल मचा दिया है। जहां भाजपा इसे देश का अपमान बता रही है, वहीं अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस प्रदर्शन की निंदा की है। अखिलेश यादव ने कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने इस तरह का हंगामा करना बिल्कुल उचित नहीं है, इससे देश की छवि धूमिल होती है।
विदेशी मेहमानों के सामने किया देश का अपमान- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह का प्रदर्शन किया गया है वह सही नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेशी मेहमान आए हुए थे और उनके सामने इस तरह का व्यवहार करना हमारे देश का अपमान है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने समिट में चीनी रोबोट को लेकर विवाद पर कहा कि ‘मेड इन चाइना’ रोबोट नहीं लाना चाहिए था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें ‘मेक इन इंडिया’ के शेर को चाइनीज रोबोट डॉग भगा रहा है।
बटुकों के मामले में सरकार को घेरा
अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में सिख युवाओं (बटुकों) की पगड़ी खींचने की घटना पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बटुकों की पगड़ी खींचकर जो किया गया है वह बहुत निंदनीय है और हम कल्पना भी नहीं कर सकते कि ऐसा हो सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर गलती हो जाए तो माफी मांगना साहस का काम है, लेकिन सीएम को इससे फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, “माया में रहकर माया से दूर हो, दूसरे का दुख अपना समझे, वह योगी है, बताइए दूसरे का दुख अपना समझते हैं?” इसके अलावा अमेरिका से हुए समझौते पर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला बताया।
भाजपा ने कांग्रेस पर बोला हमला
वहीं, इस मामले में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने इस प्रदर्शन को ‘शर्मनाक’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश के खिलाफ ‘बड़ा पाप’ किया है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि यह कोई गलती नहीं, बल्कि भारत पर हमला करने की सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने कहा कि जब भारत तरक्की करता है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस दुखी हो जाते हैं। रिजिजू ने कांग्रेस से सवाल पूछा, “आप देश विरोधी काम कब बंद करेंगे?” दोनों दलों के नेताओं की इन टिप्पणियों ने AI समिट के विरोध को एक नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।