72 रन से भारत की धमाकेदार जीत, सेमीफाइनल की दहलीज पर टीम इंडिया

डिजिटल डेस्क- आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की रेस में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। चेन्नई के में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी।

हार्दिक–अभिषेक की तूफानी पारियां

टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत सधी हुई रही, लेकिन मध्य ओवरों में रनगति ने रफ्तार पकड़ ली। हार्दिक पांड्या ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और पारी को आक्रामक अंदाज में आगे बढ़ाया। उनके साथ युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी दमदार अर्धशतक लगाया। दोनों की साझेदारी ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी। हार्दिक पंड्या को उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आखिरी पांच ओवरों में भारत ने तेजी से रन बटोरे और स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के पास भारतीय बल्लेबाजों के आक्रमण का कोई जवाब नहीं था।

जिम्बाब्वे की धीमी शुरुआत बनी भारी

257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने पावरप्ले में संभलकर बल्लेबाजी की। ओपनरों ने पहले छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 44 रन जोड़े, लेकिन जरूरी रनरेट लगातार बढ़ता रहा। इसी दबाव के बीच सातवें ओवर में गेंदबाजी करने आए अक्षर पटेल ने दूसरी ही गेंद पर तडिवनाशे मारुमानी को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। मारुमानी ने 20 गेंदों पर 20 रन बनाए। हालांकि दूसरे छोर पर ब्रायन बेनेट ने संघर्ष जारी रखा। उन्होंने 9वें ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाकर 17 रन बटोरे और रनगति बढ़ाने की कोशिश की। बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 97 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी

भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में शिकंजा कस दिया। अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में मात्र 24 रन देकर तीन विकेट झटके और जिम्बाब्वे की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और डेथ ओवरों की कसी हुई गेंदबाजी ने मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *