MP में पीएम मोदी ने नीतीश कुमार के बयान पर कसा तंज, ‘ऐसी भाषा में भद्दी बातें कीं, कोई शर्म नहीं है उनको’

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिन मध्य प्रदेश के दमोह और गुना में जनसभा को संबोधित किया| इस दौरान उन्होंने बिहार सीएम नीतीश कुमार के बयान पर निशाना साधा| गुना में पीएम मोदी ने कहा,  INDI अलायंस के नेता ने विधानसभा के अंदर… वहां माताएं बहनें भी मौजूद थीं, कोई कल्पना नहीं कर सकता है, ऐसी भाषा में भद्दी बातें कीं| कोई शर्म नहीं है उनको| इतना ही नहीं INDI अलायंस के एक भी नेता ने माताओं-बहनों के इस अपमान के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला, जो लोग महिलाओं के बारे में ऐसा सोचते हैं, क्या वे आपके लिए कुछ अच्छा कर सकते हैं?

मोदी ने महिलाओं से पूछा- वो आपकी इज्जत बचा सकते हैं? आपका सम्मान या गौरव कर सकते हैं| कैसा दुर्भाग्य आया है देश का| कितने नीचे गिरोगे| दुनिया में देश की बेइज्जती करा रहे हो| मेरी माताएं-बहनें… मैं आपके सम्मान के लिए जो बन पड़ेगा, उसमें कभी पीछे नहीं हटूंगा|

पीएम ने कांग्रेस पर कसते हुए दमोह में कहा,  हमारी गारंटी वोट बटोरने की नहीं, बल्कि हमारी गारंटी देश को आन-बान-शान के साथ आगे ले जाने की होती है| हमारी गारंटी वोट बटोरने की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामर्थ्य बढ़ाने की होती है| आज का ये समय कांग्रेस से सबसे ज्यादा सावधान रहने का है| कांग्रेस वो पार्टी है, जो गरीबों के हक का पैसा छीन लेती है, हजारों करोड़ रुपये के घोटाले करती है| कांग्रेस एक समाज को दूसरे समाज से लड़ाकर कुर्सी पर कब्जा करने का खेल खेलती है|

मोदी ने कहा, कांग्रेस के लिए देश और राज्य का विकास जरूरी नहीं है, बल्कि कांग्रेस के लिए सिर्फ अपना स्वार्थ ही जरूरी है| देश को आजाद हुए इतने साल हो चुके हैं लेकिन इतने वर्षों से कांग्रेस देश से एक ही झूठ बार-बार बोलती रही है, गरीबी खत्म करने का नारा देती रही| कांग्रेस कभी गरीबी खत्म नहीं कर पाई, क्योंकि कांग्रेस के नेताओं की नीयत ठीक नहीं थी| ये मोदी की गारंटी है कि जब तीसरी बार मेरा सेवाकाल प्रारंभ होगा, मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की टॉप 3 में लाकर रहूंगा|

जानें पीएम मोदी ने और क्या-क्या कहा

2014 से पहले देश ने 10 वर्ष तक कांग्रेस को मौका दिया था लेकिन किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था| आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस अध्यक्ष रिमोट से चल रहे हैं|

कांग्रेस के अध्यक्ष वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं  लेकिन वो बस नाममात्र के रह गए हैं| कभी-कभी वो खुद के मूड में आ जाते हैं| मैंने कहीं पढ़ा कि कल उन्होंने पांडवों को याद किया था| जब रिमोट चलता है तब वो सनातन को गाली देते हैं लेकिन रिमोट बंद होते ही उन्होंने सनातन को याद किया| कल उन्होंने कहा कि भाजपा में 5 पांडव हैं| हमें गर्व है कि हम पांच पांडवों की राह पर चल रहे हैं| आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है|

भाजपा के सेवाकाल में देश गरीबी से बाहर निकल रहा है, अपनी गरीबी दूर कर रहा है| आज पूरी दुनिया भारत में हो रहे विकास की चर्चा कर रही है| 2014 में जब हम सरकार में आए, तब हमारा देश दुनिया के 10वें नंबर की आर्थिक ताकत था| आज भारत ने 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर उस देश को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200 साल तक हम पर राज किया था|

आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है| भाजपा के सेवाकाल में देश गरीबी से बाहर निकल रहा है, अपनी गरीबी दूर कर रहा है| आज पूरी दुनिया भारत में हो रहे विकास की चर्चा कर रही है| भाजपा का प्रयास सिर्फ सुविधाएं जुटाने तक सीमित नहीं है| हम गरीब, SC, ST, OBC परिवारों को उनकी शिक्षा और कौशल विकास के लिए भी अवसर दे रहे हैं|

मध्य प्रदेश में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनना तय है| आप सभी के आशीर्वाद से पूरे विश्व में आज भारत का परचम लहरा रहा है| आज जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक भारत का गौरवगान हो रहा है|

भारत का चंद्रयान वहां पहुंचा है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा| भारत में हुए G20 सम्मेलन की प्रशंसा पूरे विश्व में हो रही है| भारत के युवा बेटे-बेटियां खेल के मैदान में आज नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं| भारत की एक गाथा- बुंदेले हर बोलो… हम बचपन में सुनते थे और एक गाथा आज हम दुनिया को सुना रहे हैं| भारत का ये गौरवगान आज संभव न हो पाता, अगर MP का इतना आशीर्वाद मुझ पर न होता|

मोदी सिर्फ और सिर्फ आपका सेवक है| आपका जीवन बेहतर हो, आपके जीवन से मुश्किलें कम हो, यही मेरी प्राथमिकता है|

गरीबों का पैसा लूटने के लिए कांग्रेस ने एक खास मशीन बनाई थी| वो मशीन ऐसी थी जिसमें सरकार अगर 100 रुपये भेजती थी, तो उसमें से 85 रुपये सीधे कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में पहुंच जाता था| देशवासियों को आज की तारीख भी याद है, जब भ्रष्टाचारियों पर बहुत बड़ी कार्रवाई हुई थी| आज की तारीख आते ही कांग्रेस ऐसे बिलबिलाती है, जैसे सबसे ज्यादा काली कमाई उसी को बैंकों में जमा करानी पड़ी हो|

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में लापता मॉडल विकसित किया था, यहां बिजली लापता थी, पानी लापता था, सड़क लापता थी, युवाओं का भविष्य लापता था, विकास लापता था, रोजगार लापता था, गरीबों का घर लापता था| सब कुछ लापता था| कांग्रेस के लापता मॉडल में विकास भी लापता था| कांग्रेस राज में नौजवानों के भविष्य लापता था| कांग्रेस राज में किसानों का कल्याण लापता था|

आज मध्य प्रदेश में एक तरफ डबल इंजन की सरकार है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के डबल डेंजर लोग हैं| एक इंजन केंद्र का और एक इंजन भाजपा की राज्य सरकार का| मतलब MP का तेजी से डबल विकास| यहां की भाजपा सरकार केंद्र की योजनाएं तेज गति से जमीन पर उतार रही है लेकिन आपको ये याद रखना है कि जहां-जहां कांग्रेस सरकार होती है, वहां वो हर योजना पर रोड़े अटकाती है|

जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब MP की भाजपा सरकार के साथ भेदभाव किया जाता था लेकिन 2014 में आपने हमें सेवा का मौका दिया डबल इंजन की सरकार बनने के बाद MP के विकास ने असली तेजी पकड़ी है|

जब 10 साल तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही तो MP का बजट 20 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 80 हजार करोड़ रुपये के आसपास ही पहुंचा था| केंद्र में हमारी सरकार का सेवाकाल जबसे शुरू हुआ तो हमारे इस 10 साल के सेवाकाल में MP 80 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया| यानि MP की अर्थव्यवस्था का तेजी से विस्तार हो रहा है|

About Post Author