डिजिटल डेस्क- स्वतंत्रता दिवस की आधी रात को उत्तर प्रदेश के एटा में भारी बवाल हो गया। एटा के नयागंज थाने के अगस्तिया गांव में ग्रामीण एक युवक को चोर समझकर पीट रहे थे। युवक की पिटाई की सूचना पर पहुंची पुलिस पर गांव के ग्रामीणों ने पथराव करते हुए फायरिंग कर दी, जिसके बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई। पुलिसकर्मियों द्वारा उच्चाधिकारियों को फोन कर सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल और एएसपी राजकुमार सिंह की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
गांव से गुजर रहे युवकों को समझा चोर
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देर रात की है, जब दो युवक अगस्तिया गांव से गुजर रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझकर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। घायल युवकों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 112 पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस पर भी भड़क गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया और कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और एएसपी राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझा-बुझाकर और सख्ती बरतकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने पथराव और फायरिंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5 नामजद और 50 अज्ञातों पर दर्ज किया गया मुकदमा
एएसपी राजकुमार सिंह ने बताया- घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। रात 12 बजे तक स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने 5 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।