KNEWS DESK- मध्य प्रदेश के Sihora नगर में गुरुवार देर रात एक मंदिर में आरती के दौरान विवाद के बाद दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया। घटना के बाद पथराव और तोड़फोड़ की सूचना है, जिसके चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
जानकारी के अनुसार, सिहोरा के वार्ड क्रमांक 5 स्थित आजाद चौक के एक दुर्गा मंदिर में रात करीब साढ़े नौ बजे आरती चल रही थी। इसी दौरान एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि मंदिर परिसर में लगी लोहे की ग्रिल को भी नुकसान पहुंचाया गया।घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद ने उग्र रूप ले लिया और क्षेत्र में पथराव शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।स्थिति पर नियंत्रण के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की निगरानी जारी है।