डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बरेली में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा टकराई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। यह हादसा सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टैंकर पहले से ही सड़क किनारे खड़ा था और तेज गति से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर उसमें जा घुसी। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी बोलेरो से टकरा गई, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई।
अंदर फंसे शव को निकालने के लिए काटनी पड़ी गाड़ी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े टैंकर को समय रहते हटाया नहीं गया, जिससे यह हादसा हुआ। उनका आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण एक और बड़ा हादसा हो गया।
इसी स्थान पर एक दिन पहले भी हो चुकी है भीषण भिड़ंत
गौरतलब है कि इसी स्थान पर एक दिन पहले भी दुर्घटना हुई थी। शनिवार को यहां एक टैंकर और रोडवेज बस के बीच टक्कर हो गई थी, जिसके बाद से टैंकर मौके पर ही खड़ा था। लोगों का कहना है कि अगर उस समय टैंकर को हटा दिया जाता, तो रविवार का यह हादसा टल सकता था। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है और परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सड़क पर खड़े टैंकर को हटाने में लापरवाही किस स्तर पर हुई।