डिजिटल डेस्क- थाईलैंड के सोंगखला प्रांत में एक स्कूल में हुए भीषण गोलीबारी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना में 22 बच्चों समेत कुल 34 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर एक 18 वर्षीय युवक है, जिसने कथित तौर पर एम-4 राइफल से अंधाधुंध फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर की बहन उसी स्कूल में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि वह एक शिक्षक की तलाश में स्कूल परिसर में घुसा था, जिसने कुछ दिन पहले उसकी बहन को डांटा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की गहन जांच जारी है।
हमले के बाद स्कूल में मची अफरा-तफरी, जान बचाने को भागते दिखे लोग
हमले के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सैकड़ों छात्र जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई छात्र और शिक्षक स्कूल के भीतर ही फंस गए। हमलावर ने गोलीबारी के बाद कुछ बच्चों और शिक्षकों को बंधक भी बना लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग अभी भी उसके कब्जे में हैं। मौके से बचकर निकले एक सुरक्षा गार्ड ने दावा किया कि हमलावर ने स्कूल के प्रिंसिपल को भी गोली मारी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने पूरे स्कूल परिसर को सील कर दिया है और आसपास के इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
हमलावरों से बातचीत की कोशिश जारी
विशेष बल (स्पेशल फोर्स) और राहत टीमों को मौके पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावर से बातचीत की कोशिशें जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता बंधकों की सुरक्षित रिहाई और हालात को नियंत्रित करना है। अभी तक हमलावर की पहचान औपचारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है। हमले से पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कूल के पास स्थित एक घर में एक युवक अपनी मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस सतर्क हुई थी, लेकिन इससे पहले कि वे कार्रवाई कर पाते, स्कूल में गोलीबारी की घटना हो गई।