नेपाल के खोटांग में हेलीकॉप्टर हादसा, लैंडिंग के दौरान बिगड़ा संतुलन, एक घायल

KNEWS DESK- खोटांग जिला में एक हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। यह घटना उस समय हुई जब हेलीकॉप्टर काठमांडू से एक शव लेकर आ रहा था और खेत में उतरने की कोशिश कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर जैसे ही खेत में उतरने लगा, उसका संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह क्रैश हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय अधिकारी रेखा कंडेल के अनुसार, घटना के तुरंत बाद बचाव टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर में कुल 6 लोग सवार थे। हादसे में केवल एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसकी पहचान काजी बहादुर राय के रूप में हुई है। अन्य सभी यात्री और पायलट सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घायल को तुरंत बेहतर इलाज के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी, तेज हवाएं या धूल का गुबार हादसे की वजह हो सकता है। पायलट के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में इस तरह की लैंडिंग काफी चुनौतीपूर्ण होती है।

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर उड़ानें आम हैं, लेकिन यहां समुचित हवाई पट्टियों की कमी और मौसम के अचानक बदलने से जोखिम काफी बढ़ जाता है। अक्सर हेलीकॉप्टर खेतों या खुले स्थानों पर उतरते हैं, जिससे ऐसे हादसों की संभावना बनी रहती है।

फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी पहलुओं की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *