‘देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ मजबूत आवाज हैं ‘… शशि थरूर ने राहुल गांधी की खुलकर की तारीफ

KNEWS DESK – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने पार्टी नेतृत्व के साथ मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की खुलकर सराहना की है। थरूर ने राहुल गांधी को देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ एक मजबूत और मुखर आवाज बताया और स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस छोड़ने का कोई इरादा नहीं रखते।

शशि थरूर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की थी। शुक्रवार (30 जनवरी, 2026) को थरूर ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे दोनों उनके नेता हैं और पार्टी के भीतर किसी तरह का टकराव नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व के साथ अपने रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया।

केरल चुनाव से पहले एकता का संदेश

केरल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शशि थरूर ने पार्टी की एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ, मुख्यमंत्री पी. विजयन की अगुवाई वाली एलडीएफ सरकार को सत्ता से बाहर करने के लक्ष्य के साथ पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगा। थरूर ने बताया कि वे राज्य की सभी 140 विधानसभा सीटों पर व्यापक प्रचार करने की योजना पर काम कर रहे हैं।

थरूर ने कहा कि पिछले चुनावों में वे पहले ही 56 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर चुके हैं और इस बार यह दायरा और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने माना कि मतदाताओं तक सही और सकारात्मक संदेश पहुंचाना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों की जिंदगी में वास्तविक बदलाव लाया जा सके।

राहुल गांधी को लेकर थरूर ने कहा कि वे देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ एक ईमानदार और सशक्त आवाज हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर सभी मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक चर्चा का माहौल है। थरूर के मुताबिक, कांग्रेस में सभी नेता एक टीम की तरह मिलकर काम कर रहे हैं और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *