डिजिटल डेस्क- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी किस्त जारी कर दी। प्रदेश सरकार के अनुसार इस बार 7,01,965 लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 148 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि 30 नवंबर तक एप के माध्यम से 9,59,200 महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया था। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 5 लाख महिलाओं ने अपना आधार केवाईसी पूरा कर लिया है, जबकि 1 लाख से अधिक महिलाओं का केवाईसी फिलहाल पेंडिंग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई गई है। योजना का लाभ 23 साल या इससे अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगा, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय एक लाख रुपए तक हो। एक ही परिवार की कई महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि योजना में भाग लेने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और कोई भी जरूरतमंद हरियाणा वासी महिला इसका लाभ ले सकती है।
हर घर हर ग्रहणी योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में बहनें इस योजना से जुड़ रही हैं। साथ ही, हर घर हर ग्रहणी योजना के तहत 15 लाख से अधिक बहनों को 500 रुपये का गैस सिलेंडर भी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 25,000 पुरुषों ने भी आवेदन किया था, लेकिन सभी आवेदन रद्द कर दिए गए। कुछ आवेदन दूसरे राज्यों से भी आए थे जिन्हें खारिज कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल में लागू करने पर जवाब
मुख्यमंत्री सैनी ने पश्चिम बंगाल में लाडो लक्ष्मी योजना लागू करने के सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की मौजूदा सरकार केवल एक विशेष वर्ग को प्रोत्साहन देती है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई गई योजनाएं सभी के लिए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं पर अत्याचार होता है और SIR का विरोध किसी साजिश के तहत किया जा रहा है।