डिजिटल डेस्क- देशभर में भगवान शिव की आराधना और उपासना का पावन पर्व महाशिवरात्रि श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। शिवालयों में ‘हर हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष गूंज रहे हैं। श्रद्धालु व्रत रखकर, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं। इस पावन अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए लिखा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वह सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हैं। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा हम सभी पर सदा बनी रहे और हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता रहे।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि भक्ति और शक्ति का यह पर्व भारत की अखंड और शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने अपने संदेश में काशी से रामेश्वरम् तक शिवभक्ति की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव और माता पार्वती की कृपा से सभी को सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाशिवरात्रि के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि आदिदेव महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने कामना की कि भगवान शिव के आशीर्वाद से सबका कल्याण हो और भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर पहुंचे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्रद्धालुओं और देशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से विश्व में शांति और सद्भाव की भावना सुदृढ़ हो। उनके अनुसार भगवान शिव का आशीर्वाद देश को एकता, सुरक्षा और निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाता रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के साथ देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि भगवान शिव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करें। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस पावन पर्व पर देश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने प्रार्थना की कि हर हृदय में शांति, हर जीवन में शक्ति और हर पथ में मंगल का संचार हो। महाशिवरात्रि के अवसर पर काशी, उज्जैन, सोमनाथ और अन्य प्रमुख शिवधामों में विशेष सजावट की गई है। रातभर जागरण, भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का भी उत्सव है।