हल्द्वानी हिंसा: मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसके बेटे की संपत्ति कुर्क,14 लोग हुए गिरफ्तार

KNEWS DESK- उत्तराखंड के हल्द्वानी में अवैध रूप से बने मदरसे को ढहाने को लेकर हुई हिंसा के सिलसिले में शनिवार को 14 और लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ये जानकारी दी। इसी के साथ आठ फरवरी को हुई इस घटना के मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 58 हो गई है।

हल्द्वानी बनभूलपुरा में अवैध रूप से बने एक मदरसे को ढहाने के बाद आठ फरवरी को इलाके में हिंसा भड़क गई थी। लोगों ने नगर निगम के कर्मियों और पुलिस पर पथराव किया था और पेट्रोल बम फेंके थे जिसके कारण कई पुलिसकर्मियों को एक थाने में शरण लेनी पड़ी थी जिसे भीड़ ने बाद में आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने कहा कि इस हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई थी और पुलिस और पत्रकार सहित 100 से ज्याद लोग घायल हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि बीते शनिवार को गिरफ्तार किए गए शकील अंसारी, मौकीन सैफी और जिया उल रहमान हैं। ये तीनों उन 9 नामजद आरोपितों में शामिल हैं जिनके पोस्टर शुक्रवार को शहर में लगाए गए थे। उसने बताया कि हिंसा का कथित मुख्य मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसका बेटा अब्दुल मोईद अब भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि शहर में उनकी संपत्ति कुर्क की जा रही है। मलिक और मोईद के खिलाफ गैर जमानती वारंट एवं ‘लुक आउट’ नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने नौ ‘वांछित दंगाइयों’ के पोस्टर शुक्रवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगाये थे और लोगों से अनुरोध किया था कि इनके बारे में कुछ भी पता चलने पर वे पुलिस को सूचित करें।

ये भी पढ़ें-   बागपत में दिखा तेज रफ्तार का कहर, हाइवे पर पलटी कार, चालक सहित चार लोग हुए घायल, तीन की हालत गम्भीर

About Post Author