KNEWS DESK- देश भर में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को नमन किया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संदेश में स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह अमूल्य आजादी हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के अतुलनीय संघर्ष, साहस और बलिदान का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि यह एक पवित्र कर्तव्य और जिम्मेदारी भी है, जिसे हर नागरिक को पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से देश के विकास और सामाजिक सौहार्द्र के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संदेश में कहा कि यह दिन हमें उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में हर नागरिक को अपने दायित्वों का पालन करते हुए एकजुट होकर काम करना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों और विपक्षी नेताओं ने भी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।