सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट, मुनाफावसूली ने बाजार पर लगाई ब्रेक

KNEWS DESK- पिछले कुछ दिनों में सराफा बाजार में तेजी का जो तूफान चला था, शुक्रवार को अचानक ब्रेक लग गया। यदि आप सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे थे, तो आज की गिरावट आपके लिए थोड़ी राहत भरी खबर साबित हो सकती है।

30 जनवरी की सुबह, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों में भारी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में ही सोने का भाव 5.55% टूटकर 1,60,001 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले, 29 जनवरी को सोने ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था। आज की गिरावट के कारण सोना करीब 9,402 रुपये सस्ता हुआ।

चांदी की कीमतों में भी 4.18% की कमी आई और यह 3,83,177 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। केवल एक दिन के भीतर चांदी में 16,716 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन मुनाफावसूली के चलते कीमतें नीचे खिंच गईं।

सिर्फ वायदा बाजार ही नहीं, बल्कि खुदरा बाजार में भी आज नरमी देखने को मिली। बुलियन वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, रिटेल मार्केट में सोना 5,300 रुपये गिरकर 1,65,180 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी में 23,360 रुपये की भारी गिरावट आई और यह 3,79,130 रुपये प्रति किलो के स्तर पर नजर आई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हालात दबावपूर्ण रहे। स्पॉट गोल्ड 1.65% फिसलकर 5,217 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि एक दिन पहले यह 5,594.82 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर था। इसी तरह, स्पॉट सिल्वर भी 2.86% गिरकर 110 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि सोना और चांदी में आज की गिरावट का मुख्य कारण मुनाफावसूली रही। तेजी के दौरान खरीदी गई बड़ी मात्रा के निवेशक लाभ निकालने लगे, जिससे बाजार में दबाव पैदा हुआ। सोने और चांदी की इस गिरावट के चलते निवेशकों और खरीदारों के लिए यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *