डिजिटल डेस्क- गोवा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत तैयार की जा रही अंतिम मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर तारीख बदल दी गई है। पहले यह फाइनल वोटर लिस्ट 14 फरवरी को जारी की जानी थी, लेकिन अब भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने इसे 21 फरवरी को जारी करने का फैसला किया है। निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में गोवा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) को पत्र लिखकर नई तारीख की जानकारी दी है। साथ ही निर्देश दिया है कि इस बदलाव की सूचना सभी राजनीतिक दलों और संबंधित पक्षों को दी जाए। आयोग के इस फैसले से राज्य की राजनीतिक गतिविधियों में हलचल तेज हो गई है।
4 नवंबर से शुरू हुई थी प्रक्रिया
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 16 दिसंबर को गोवा में मसौदा मतदाता सूची जारी की गई थी। मसौदा सूची में कुल 11.85 लाख मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। इनमें से 10.84 लाख मतदाताओं को प्रारंभिक सूची में स्थान दिया गया, जबकि करीब 1.01 लाख नामों को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या नामों के दोहराव (ASD) श्रेणी में रखा गया था। इन नामों पर आपत्तियां और दावे दर्ज करने की प्रक्रिया भी चलाई गई। गोवा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू हुई थी। शुरुआत में इसे 31 दिसंबर तक पूरा कर 1 जनवरी को अंतिम सूची जारी करने की योजना थी।
अभी तक 14 फरवरी को आनी थी सूची
हालांकि, प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए निर्वाचन आयोग ने इसकी समयसीमा 19 जनवरी तक कर दी। इसके बाद घोषणा की गई थी कि 14 फरवरी को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। लेकिन अब एक बार फिर नई तारीख तय कर दी गई है। चुनाव आयोग ने शुरुआत में दावा किया था कि SIR की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएगी। बावजूद इसके, तारीखों में लगातार बदलाव से विपक्षी दलों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच सवाल उठने लगे हैं। हालांकि आयोग की ओर से आधिकारिक तौर पर देरी के कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं किया गया है।