शिव शंकर सविता- I Love Muhammad अभियान को लेकर पूरे देश में राजनीतिक और सामाजिक बवाल मचा हुआ है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात में इससे जुड़ी हिंसा भी हो चुकी है। इस बीच, हिंदूवादी संगठनों और भाजपा के कई नेताओं ने इसका जवाब ‘I Love Mahadev’ पोस्टर के जरिए दिया। ऐसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह का हालिया सोशल मीडिया पोस्ट सबको चौंका गया। दरअसल, गिरिराज सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर ‘I Love Muhammad’ पोस्टर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने जय सनातन, जय महादेव भी लिखा। भाजपा में अक्सर विवादित बयानों के लिए जाने जाने वाले गिरिराज सिंह का यह कदम सोशल मीडिया यूजर्स के लिए आश्चर्यजनक साबित हुआ।
पोस्ट वायरल होने के बाद दो हिस्सों में बंटे लोग
पोस्ट देखने के बाद लोग दो धड़ों में बंट गए। कुछ ने मंत्री को पढ़ाई-लिखाई की सलाह दी और सोशल मीडिया पर उन्हें तीखी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। वहीं, कई लोग इसे धार्मिक समरसता और भाईचारे का संदेश मानते हुए समर्थन कर रहे हैं। इस पोस्ट के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर डिलिट करो और सही संदेश दोनों तरह के कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
विपक्ष बता रहा भ्रमित करने वाला कदम
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि यह कदम भाजपा के भीतर और सोशल मीडिया पर धार्मिक संवाद और पोस्टर युद्ध के बीच संतुलन की नई रणनीति का हिस्सा हो सकता है। वहीं, विपक्ष इसे भ्रष्ट या भ्रमित करने वाला कदम बता रहा है और सोशल मीडिया पर इसे राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बना दिया है।
पोस्टर बना चर्चा का केंद्र
बहरहाल, ‘I Love Muhammad’ और ‘I Love Mahadev’ पोस्टरों के बीच जारी यह डिजिटल पोस्टर वॉर अब गिरिराज सिंह के ट्वीट के बाद और अधिक चर्चा का केंद्र बन गया है, और अगले कुछ दिनों में इसकी राजनीतिक और सोशल मीडिया छाया बढ़ने की संभावना है।