डिजिटल डेस्क- पश्चिमी यूपी में आतंक का पर्याय बना गैंगस्टर सलमान त्यागी ने तिहाड़ की मंडोली जेल में चादर से लटककर आत्महत्या कर ली। मंडोली की जेल नंबर 15 में घटी इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जेल अधिकारियों ने आत्महत्या की जांच शुरू करते हुए मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। आपको बता दें कि सलमान त्यागी को मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत दोषी ठहराया गया था और वह 2018 से जेल में बंद था। उस पर हत्या, रंगदारी, और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
कैदियों की गिनती के समय आत्महत्या का पता चला
जेल सूत्रों का कहना है कि सुबह नियमित गश्त के दौरान कैदियों की गिनती की जा रही थी और कैदी सलमान नदारद था। जब उसकी छानबीन शुरू की गई तभी सलमान को फंदे से लटका पाया गया। घटना की खबर फैलते ही जेल परिसर में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सलमान त्यागी ने किस तरह जेल के अंदर फांसी लगाने का तरीका और साधन जुटाया। जेल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि उसे किससे मदद मिली या फिर उसने अकेले ही यह कदम उठाया।
लारेंस विश्नोई का करीबी था सलमान त्यागी
सूत्रों के मुताबिक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ सलमान त्यागी के करीबी रिश्ते थे, वो लंबे समय से लॉरेंस ग्रुप से जुड़ा हुआ था। सलमान त्यागी, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कई बार बात भी कर चुका था। सूत्रों के अनुसार सलमान, लॉरेंस गैंग के एक्सटॉर्शन और फायरिंग जैसे कई काम भी कर चुका था। कुछ दिनों पहले सलमान के पास से जेल प्रशासन ने फोन भी बरामद किया था।