पूर्व सांसद रेवन्ना को आज सजा, फॉर्महाउस और घर पर नौकरानी के साथ दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए गए

KNEWS DESK- कर्नाटक की विशेष अदालत आज जनता दल सेक्युलर (जदएस) नेता और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को दुष्कर्म के मामले में सजा सुनाएगी। विशेष अदालत के जज संतोष गजानन भट्ट शनिवार को इस फैसले की घोषणा करेंगे। प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म के चार मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक प्रमुख मामला हासन जिले के गन्निकाडा फार्महाउस से जुड़ा है, जहां पीड़िता घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।

2021 में प्रज्वल रेवन्ना ने हासन के फार्महाउस और बंगलूरू स्थित अपने घर में महिला के साथ दो बार दुष्कर्म करने का अपराध किया था। इस कृत्य को उन्होंने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया था और धमकी दी थी कि यदि महिला ने इस बारे में किसी को बताया, तो वह वीडियो लीक कर देगा।

विशेष सरकारी वकील अशोक नायक ने बताया कि अभियोजन पक्ष ने इस मामले में 26 गवाहों के बयान दर्ज किए और 180 से अधिक दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए। पीड़िता के बयान को सबसे विश्वसनीय साक्ष्य माना गया। विशेष जांच दल ने सितंबर 2024 में इस मामले में 1,632 पेज का आरोपपत्र दायर किया था, जिसमें 113 गवाहों के बयान शामिल थे।

यह मामला तब सामने आया जब प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े कथित अश्लील वीडियो वाला पेन-ड्राइव हासन में 26 अप्रैल, 2024 को हुए लोकसभा चुनाव से पहले वायरल हुआ।

31 मई 2024 को जर्मनी से बंगलूरू लौटते समय प्रज्वल रेवन्ना को एसआईटी ने गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ दर्ज मामलों के चलते जदएस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। 2024 के लोकसभा चुनावों में रेवन्ना हासन संसदीय सीट पर जीत हासिल करने में असफल रहे थे।

आज की सजा सुनवाई से प्रज्वल रेवन्ना के राजनीतिक भविष्य पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है। अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो जाएगा कि उनके खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों की जांच किस दिशा में जाती है।