बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का दिल्ली एम्स में निधन, कैंसर से थे पीड़ित

KNEWS DESK- बीजेपी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार रात निधन हो गया। 72 वर्षीय मोदी कैंसर से पीड़ित थे। रात 9:45 बजे नई दिल्ली के एम्स में उनका निधन हो गया। बिहार बीजेपी की तरफ से एक्स पर पोस्ट किया गया कि, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी के निधन की खबर से बीजेपी परिवार को गहरा दुख हुआ है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुशील मोदी के निधन पर गहरा अफसोस जताया है। पिछले महीने बीजेपी नेता सुशील मोदी ने खुद जानकारी दी थी कि उन्हें कैंसर हो गया है इसलिए वे चुनाव में प्रचार नहीं कर पाएंगे। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!”

कैंसर से पीड़ित वरिष्ठ बीजेपी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार रात दिल्ली एम्स में निधन हो गया। 72 वर्षीय मोदी ने 2005 से 2013 तक और फिर 2017 से 2020 के बीच बिहार के उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाई थी। सुशील मोदी उन नेताओं में से थे जिन्होंने छात्र राजनीति से शुरूआत की थी। पटना विश्वविद्यालय उनकी छात्र राजनीति की भूमि बना। साल 1973 में वो छात्र संघ के महासचिव चुने गए। जिसके बाद साल 1990 में पहली बार पटना सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। इसके बाद साल 1995 में भी विधायक बने। जिसके बाद उन्हें बीजेपी का चीफ व्हिप बना दिया गया। इसके बाद भी साल 2000 में तीसरी बार विधायक बने। बता दें कि सुशील कुमार मोदी साल 1996 से 2004 तक बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे।

ये भी पढ़ें-  Aaj Ka Rashifal: आज 14 मई 2024 को कैसा रहेगा आपका दिन, जानें अपनी राशि का पूरा ब्‍यौरा

About Post Author