पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने बनाई नई राजनीतिक पार्टी, यूजीसी एक्ट और सरकार की नीतियों पर किया हमला

KNEWS DESK- Bareilly के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है। अलंकार अग्निहोत्री शुक्रवार को Mathura में राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनका स्थानीय लोगों ने पटुका पहनाकर भव्य स्वागत किया।

बैठक में संबोधन देते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने मुख्य रूप से एससी/एसटी एक्ट, यूजीसी एक्ट और बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने इन कानूनों को “काला कानून” करार दिया और चेतावनी दी कि अगर यूजीसी कानून वापस नहीं लिया गया, तो आगामी चुनावों में कमल का फूल जनता की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।

अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार को “छद्म सनातनी सरकार” बताते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है और वर्तमान में कॉर्पोरेट सरकार चलाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह भाजपा अयोध्या में हार गई, उसी तरह भविष्य में काशी, मथुरा और वृन्दावन में भी उनकी हार निश्चित है।

इस अवसर पर उन्होंने सवर्ण समाज की ओर से नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के नेता टिकट कटने के डर से जनता के मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं। विशेष रूप से बांके बिहारी कॉरिडोर के निर्माण को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सवर्ण समाज की मांगों और हितों की अनदेखी की गई, तो वे अपनी राजनीतिक शक्ति के माध्यम से जवाब देंगे।

इस तरह यह बैठक स्थानीय सवर्ण समाज के लिए महत्वपूर्ण संदेश और आगामी राजनीतिक समीकरणों के संकेत के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *