अयोध्या में शुरू हुआ ध्वजारोहण महोत्सव, 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर PM मोदी करेंगे ध्वजारोहण

KNEWS DESK- मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। यहां आज से एक नए, भव्य और आध्यात्मिक उत्सव ध्वजारोहण महोत्सव की शुरुआत हो रही है। बृहस्पतिवार को कलश यात्रा के साथ इस छह दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर के 191 फीट ऊंचे शिखर पर ध्वजारोहण करना होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या को विशाल सांस्कृतिक उत्सव के अनुरूप सजाया गया है। मार्गशीर्ष अमावस्या (20 नवंबर) के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह आध्यात्मिक यात्रा विवाह पंचमी (25 नवंबर) को अपने समापन पर पहुंचेगी।

पूरा शहर आकर्षक रोशनी, भव्य रंगोलियों, पुष्प सजावट और धार्मिक माहौल से सराबोर है। सुबह-शाम मंत्रोच्चार, हनुमान चालीसा, राम धुन और भजन-कीर्तन की ध्वनियों से पूरा वातावरण राममय हो उठा है।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और एकता का अद्वितीय प्रतीक बनने जा रहा है। देशभर के प्रमुख संतों, विद्वानों, धार्मिक नेताओं, समाजसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

अयोध्या में तीन दिनों तक कई तरह के धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होंगे, जिनमें शामिल हैं-

रामलीला, लोक नृत्य और संगीतमय प्रस्तुतियां

छह छोटे मंदिरों और सप्त मंदिरों की विशेष पूजा

विशेष वैदिक अनुष्ठान और यज्ञ

परंपरागत शोभायात्राएं

कलश यात्रा में 551 से अधिक महिलाएं शामिल होंगी, जबकि 151 वैदिक छात्र ध्वज लेकर सबसे आगे चलेंगे।