KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला बुधवार देर शाम जम्मू में एक शादी समारोह में शामिल होने के दौरान हमले का शिकार होने से बच गए। घटना ग्रेटर कैलाश इलाके में हुई, जहां अब्दुल्ला अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शादी में पहुंचे थे। इस समारोह में जम्मू-कश्मीर सरकार के कई बड़े नेता भी मौजूद थे।
हमले की कोशिश करने वाले की पहचान Kamal Singh Jamwal के रूप में हुई है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने पीछे से आकर अब्दुल्ला के सिर पर पिस्तौल तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पीछे खींच लिया और उसके हाथ से बंदूक छीन ली। इस दौरान कुछ लोगों ने हमलावर को पकड़कर उसके साथ मारपीट भी की।
पुलिस के मुताबिक कमल सिंह जामवाल लगभग 63 वर्षीय हैं और पुरानी मंडी इलाके के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या करने की योजना बना रहे थे। इस बार उन्हें मौके का पता चला कि उनके चचेरे भाई के बेटे की शादी में फारूक अब्दुल्ला भी शामिल होने वाले हैं, जिसके बाद उन्होंने हमला करने की योजना बनाई।
हमलावर के पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की गई है, जिससे उसने हमले की कोशिश की थी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Farooq Abdullah जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हैं। वे जम्मू-कश्मीर के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके पिता Sheikh Abdullah भी राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में उनके बेटे Umar Abdullah राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
फारूक अब्दुल्ला को Z+ सुरक्षा दी गई है, बावजूद इसके हमलावर उनके इतने करीब तक पहुंच गया। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की कार्रवाई पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं और अब पूरे राज्य में सुरक्षा को और कड़ा किया गया है।